लावालौंग में राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति का प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
लावालौंग (चतरा)। राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति (RASS) के तत्वावधान में लावालौंग स्थित डिस्कवरी प्ले स्कूल परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नंद किशोर सिंह सुलभ, विभागाध्यक्ष (बीएड), चतरा कॉलेज, चतरा तथा विशिष्ट अतिथि बिपिन भारती, प्रखंड विकास पदाधिकारी, लावालौंग ने के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में डॉ. नंद किशोर सिंह सुलभ ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बल पर ही समाज और राष्ट्र को नई दिशा दी जा सकती है।
विशिष्ट अतिथि बिपिन भारती ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और प्रेरणा का वातावरण तैयार करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा झारखंड प्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रंजय भारती ने कहा कि राष्ट्रीय अंबेडकर सेवा समिति का उद्देश्य समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शंकर साहू, रक्तमित्र के संस्थापक विवेक केशरी, खगेश्वर साहू, शुभ्रा ट्यूशन लावालौंग के निदेशक पंकज केशरी, चतरा कॉलेज के पूर्व एबीवीपी छात्र अध्यक्ष रवि विश्वकर्मा, नीरज चंद्रवंशी, अक्षय ठाकुर, चुरामन साहू, अरविंद नंद कश्यप, विरोधी गंझू, रामजीत गंझू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें
💬 अपनी राय दें (Comments)
सभी कमेंट्स (0)
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें!