चतरा में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एक करोड़ रुपये मूल्य का 912 किलो डोडा जब्त
चतरा में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एक करोड़ रुपये मूल्य का 912 किलो डोडा जब्त
संवाददाता | चतरा
चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा (पोस्ता भूसी) बरामद किया है। पुलिस ने होसिर गांव में छापेमारी कर 912 किलोग्राम डोडा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। रविवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होसिर गांव में बड़े पैमाने पर डोडा का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर तत्काल विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान गांव निवासी जंगाली गंझू के घर से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद डोडा कहां से लाया गया था, इसका मुख्य सप्लायर कौन है और इसे किन-किन क्षेत्रों में भेजने की तैयारी थी। जांच का दायरा बढ़ाते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है। छापेमारी अभियान में लावालौंग थाना पुलिस के साथ जिला बल के जवान भी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसे हाल के समय में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध की गई सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक बताया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशा तस्करी या किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यह कार्रवाई चतरा पुलिस की नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त रणनीति और अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी अभियान का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।